कुनिहार की ग्राम पंचायत हाटकोट में हर्बल रंग बनाती स्वयं सहायता समुह की सदस्य। संवाद
हाटकोट पंचायत में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रहीं काम
बस अड्डे पर स्टाल लगार बेचे जाएंगे रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित होने वाले स्वयं सहायता समूहों ने होली के रंग तैयार करने का काम शुरू किया है। कुनिहार खंड की ग्राम पंचायत हाटकोट में चल रहे रंग बनाने के इस कार्य में क्षेत्र के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।
स्वयं सहायता समूह जय भारती संगठन हाटकोट की अध्यक्ष संतोष शर्मा की देखरेख में चल रहे इस कार्य में महिलाएं खूब रुचि ले रही हैं। समूह अध्यक्ष का कहना है कि होली नजदीक होने के कारण इस समय काफी अधिक मात्रा में होली के रंगों की डिमांड भी आनी शुरू हो गई है। कहा कि वह महिलाओं को प्रशिक्षण देकर घर पर ही गुलाब, गेंदा जैसे फल व फूलों से शुद्ध, स्वदेशी व हर्बल रंग बनाने के तरीके बता रही हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं को होली के अवसर पर अच्छी आय भी हो सके। महिलाओं ने हरा रंग, हल्दी से पिला एवं चुकंदर से लाल रंग के हजारों पैकेट बना दिए हैं। जिसे होली के दिन कुनिहार के नए बस अड्डे पर स्टाल लगाकर बेचा जाएगा। इस मौके पर संतोष शर्मा, निशा जोशी, मीना शर्मा, संतोष भारद्वाज, मीनाक्षी तनवर, पूनम अत्री, मीरा शर्मा, अनीता, पूनम धवन, कांता जोशी, डेजी, शीला शर्मा व शांता शर्मा आदि महिलाओं ने इन रंगों को बनाया है।