एक माह तक जिले की आंगनबाडि़यों में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
महिलाओं व बच्चों में होने वाली बीमारियों पर किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले की महिलाओं के लिए जल्द ही पोषण के प्रति विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान एक माह तक चलेगा, जिसमें गर्भावस्था में और बच्चा होने के बाद महिलाओं को कौन-कौन से खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए, इनकी जानकारी दी जाएगी। मोटे अनाज के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
आयरन और कैल्शियम की कमी को रोकने और एनीमिया जैसी बीमारी से बचाव की जानकारी दी जाएगी। विभाग की ओर से इन कार्यक्रमों का आयोजन आंगनबाड़ियों और पंचायत स्तर पर किए जाएगा। विभाग की ओर से अभी के समय में जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए भी महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में भी महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। साथ ही जरूरी दवाएं भी दी जा रही हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देव शर्मा ने बताया कि महिलाओं (खासकर गर्भवती और नई माताओं) का पोषण के प्रति जागरूक होना बहुत जरूरी है। महिलाओं को यह पता होना चाहिए कि गर्भावस्था व मां बनने के बाद कौन से खाद्य पदार्थों का सेवन मां व बच्चे की सेहत के लिए सही है और कौन से नहीं। पोषण माह के दौरान विभाग यही कोशिश करेगा कि जिले में अधिक से अधिक महिलाओं को जागरूक किया जा सके।