कुनिहार की हाटकोट पंचायत की महिलाओं ने बैठक में जताया विरोध
बोलीं, सरकार ने फैसला नहीं बदला तो उतरेंगी सड़कों पर
कल होने वाली महापंचायत में एकजुट होने की अपील
एक दिन पहले विकास सभा ने भी की थी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। कुनिहार को नगर पंचायत बनाने का विरोध बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को हाटकोट पंचायत की महिलाओं ने भी नगर पंचायत बनाने को लेकर रोष व्यक्त किया। इस दौरान काफी संख्या में महिलाओं ने इकट्ठे होकर 28 नवंबर को होने वाली महापंचायत में बढ़चढ़ कर भाग लेने का संकल्प लिया। महिलाओं का कहना है कि नगर पंचायत बनने से लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ जनता पर पड़ेगा।
फिलहाल अभी यहां नगर पंचायत की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाए। फैसले को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने चेताया कि अगर सरकार ने उनकी बात नहीं मानी तो क्षेत्र की संस्थाओं के साथ सभी महिलाएं सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाएंगी। इससे पहले सोमवार को भी विकास सभा सहित अन्य संस्थाओं ने इसके विरोध में रोष बैठक की थी। उन्होंने 28 नवंबर को तीनों पंचायतों की महापंचायत करने का फैसला कर सभी से एकजुट होने की अपील की है।
इस मौके पर कृष्णा देवी, रामेश्वरी शर्मा, विजय लक्ष्मी, उर्मिला देवी, कौशल्या कंवर, अनु, पूनम शर्मा, रीता, तबस्सुम, प्रोमिला आदि दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।