संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पुलिस ने बद्दी की हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के फेज-तीन में एक महिला से 3.317 किलो गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की है। इसमें आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सूचना मिली कि बद्दी की हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी में एक महिला गांजा बेचने का अवैध धंधा करती है। उसने अपने किराये के कमरे में काफी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। जिसे वह क्षेत्र के युवाओं समेत अन्य लोगों को बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक टीम गठित करते हुए मौके पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने गुड्डी देवी निवासी छपरा बिहार से 3.317 किलो ग्राम गांजा बरामद किया है। इस संबंध में आरोपी महिला के विरुद्ध पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। एसपी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच जारी है।