कुठाड़ (सोलन)। पुलिस ने अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में पुलिस चौकी कुठाड़ के स्टाफ ने वीरवार रात को एक बिना नंबर की पिकअप से 148 पेटियां देसी शराब की बरामद की हैं। कुठाड़ पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी रमन शर्मा, दिनेश कुमार, प्रेम चंद और हेमराज कुठाड़-चंडी मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना नंबर की पिकअप को रोका तो चालक पुलिस को देखकर घबरा गया। पुलिस ने शक के आधार पर वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 148 पेटियां देसी शराब की पाई गई। पूछने पर पिकअप चालक नरेंद्र कुमार पुत्र पन्ना लाल शिमला निवासी कोई परमिट नहीं दिखा पाया। पुलिस ने चालक और पिकअप को शराब सहित कब्जे में लिया। थाना प्रभारी कसौली संजय कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।