सोलन से गिरिपुल तक 20 किलोमीटर तक पुलिस रही तैनात, आधे घंटे के लिए रोका ट्रैफिक
नौणी विवि परिसर पुलिस छावनी में रहा तब्दील
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का नौणी विवि परिसर का दौरे हर किसी के लिए यादगार बन गया। उप राष्ट्रपति ने अपने संबाेधन से श्रोताओं को खूब हंसाया, वहीं विवि परिसर में लगी प्रदर्शनी की भी दिल खोलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मैं नौणी विवि में आकर बहुत खुश हूं और भी खुश होता अगर मेरी धर्मपत्नी डॉ. सुदेश भी आ जातीं। कहा कि मैं सैनिक स्कूल चितौड़गढ़ से पढ़ा हूं, लेकिन दायीं आंख के कारण सेना में चयन नहीं हो पाया। बाद में इसी आंख ने मेरी शादी में भी अड़चन डाली, जिस पर सभी हंस पड़े। उन्होंने कहा कि जब छात्रों से किसी बात पर सवाल किया तो छात्रों ने आहिस्ता से उसका जवाब दिया, जिस पर उप राष्ट्रपति ने कहा कि आप तो ऐसे बोल रहे हैं जैसे मैं डॉ़ सुदेश (उनकी धर्मपत्नी) के सामने बोलता हूं। अपने 39 मिनट के भाषण के दौरान उन्होंने कई बार श्रोताओं को हंसाया।
उप राष्ट्रपति ने विवि परिसर में सब्जी और फलों की प्रदर्शनी की भी खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में लगे फल व सब्जियां हम बाहर के लिए एक्सपोर्ट करते हैं। यहां पर इतने शानदार फल और सब्जियां देखकर यही लगता है कि हम खुद इन्हें क्यों नहीं खाते। बाहर भेजने की बजाय खुद इन्हें खाना चाहिए। जबकि यहां से अच्छी फल-सब्जियों को बाहर भेजा जाता है।
धनखड़ के कार्यक्रम के लिए नौणी विवि परिसर पुलिस छावनी में तब्दील था। साथ ही सोलन से गिरिपुल तक करीब 20 किलोमीटर के दायरे में भी पुलिस तैनात थी। वहीं विवि परिसर के चारों और दर्जनों पुलिस कर्मी तैनात थे। उप राष्ट्रपति के आने से पहले ही नौणी विवि परिसर में वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई थी। उप राष्ट्रपति 9:30 बजे विवि में पहुंचे और करीब 1:30 बजे वापस गए। करीब 11:00 बजे सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश के घर के लिए रवाना हुए तो ओच्छघाट और मरयोग से पहले ट्रैफिक पूरी तरह से रोक दिया गया। करीब आधे घंटे बाद ट्रैफिक छोड़ा गया। जब वापस आए तो भी ट्रैफिक पहले की तरह रोक दिया गया।