हाईवे पर चक्कीमोड मे गढो से वाहन क्रोस करते हुये धुल से परेशान I
परवाणू-सोलन फोरलेन लोगों को झेलनी पड़ रही दिक्कतें, पर्यटन कारोबार पर पड़ेगा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। परवाणू से सोलन के बीच बने फोरलेन हाईवे पर यात्रियों का सफर अब जानलेवा साबित हो रहा है। खासकर चक्कीमोड़ पर बीती बरसात के बाद बनी गड्ढों की गंभीर समस्या अभी तक हल नहीं हुई है। यहां सड़क पर गहरे और खतरनाक गड्ढे पड़े हुए हैं, जिससे वाहन हिचकोले खाकर चलते हैं और हर समय दुर्घटना का बड़ा खतरा बना रहता है। एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) द्वारा हायर की गई कंपनी फोरलेन पर जगह-जगह गड्ढे भरने का काम कर रही है। सनवारा टोल प्लाजा से आगे सड़क पर टारिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है और कई अन्य स्थानों पर भी टारिंग जारी है, मगर हैरानी की बात यह है कि चक्कीमोड़ की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इन दिनों बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख कर रहे हैं, लेकिन सड़कों की यह खस्ताहालत उन्हें भारी परेशानी दे रही है। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में सड़कों की खराब हालत का सीधा असर प्रदेश के पर्यटन कारोबार पर पड़ना तय है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि एनएचएआई तुरंत चक्कीमोड़ पर मरम्मत कार्य शुरू करे।