गढ़खल समेत कसौली के अन्य क्षेत्रों में लगता रहा जाम
भारी भीड़ से लगा जाम, पैदल चलने को मजबूर हुए पर्यटक
स्थानीय दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों का चमका कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। वीकेंड के चलते रविवार को कसौली में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खुशनुमा मौसम के साथ-साथ कसौली में आयोजित वार्षिक मेले और दंगल ने इस रौनक को दोगुना कर दिया। रविवार को पूरा कसौली शहर धुंध के आगोश में लिपटा रहा, जिसका बाहरी राज्यों से आए सैलानियों ने जमकर लुत्फ उठाया।
वीकेंड और मेले के दोहरे माहौल के कारण कसौली के प्रमुख क्षेत्रों जैसे तिब्बती मार्केट और हेरिटेज मार्केट में भारी भीड़ देखी गई। इसके चलते गढ़खल में हल्का जाम लग गया। स्थिति यह हो गई कि जाम की वजह से निजी बसें कसौली मुख्य स्टैंड तक नहीं पहुंच पाईं, जिसके कारण पर्यटकों को काफी दूरी पैदल तय करके कसौली पहुंचना पड़ा। हालांकि, भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। मेले के दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर खरीदारी की। कसौली बस स्टैंड से लेकर माल रोड और आसपास के क्षेत्रों में रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले छोटे दुकानदारों का कारोबार भी खूब चमका और उन्होंने अच्छा मुनाफा कमाया।
इनसेट
दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम
कसौली मेले के आयोजक व कैंट बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला और देवेंद्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेले का आयोजन बेहद धूमधाम से किया जा रहा है। इस बार मेले के मुख्य आकर्षण दंगल में स्थानीय पहलवानों के साथ-साथ बाहरी राज्यों के नामी पहलवानों ने भी हिस्सा लिया और अखाड़े में अपना दमखम दिखाया।
कसौली में मेले के आयोजन के दौरान उमड़ी लोगों व पर्यटकों की भीड़। संवाद