मौसम विभाग ने दी है दो दिन बारिश व तूफान की चेतावनी
किसानों को सताने लगा गेहूं की फसल के खराब होने का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में शुक्रवार को मौसम में काफी उतार चढ़ाव देखा गया। जहां दिन के समय तेज धूप खिली और पारा 31 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं दोपहर बाद करीब 4:00 अचानक आसमान में बादल छा गए और फिर से ठंड का एहसास होने लगा। शहर व आसपास के क्षेत्रों में अचानक बारिश का मौसम बन गया। हालांकि मौसम विभाग की ओर से 18 व 19 अप्रैल को अंधड़ व बारिश की चेतावनी दी गई थी। इसमें जिला प्रशासन की ओर से अलर्ट भी जारी किया गया था। मगर दिन के समय मौसम देखकर यह नहीं लग रहा था कि बारिश होगी या अंधड़ आएगा। हालांकि दोपहर बाद जब अचानक मौसम बदला तो लोगों को ठंड का एहसास होने लगा। गौर रहे कि बीते एक सप्ताह से जिले में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। इसमें जहां सुबह के समय कई बार बादल होते हैं तो रात को मौसम साफ हो जाता है। इसी तरह कई बार सुबह मौसम साफ हो तो रात को बारिश व तूफान आ रहा है। हालांकि इससे जहां जिले के पहाड़ी क्षेत्रों किसानों व बागवानों को राहत है, वहीं मैदानी क्षेत्रों के किसान परेशान हैं। इन दिनों गेहूं की कटाई का कार्य जोरों पर है। ऐसे में बारिश व तूफान से उनकी फसल खराब होने का डर बना हुआ है। बीते शनिवार को हुई तेज बारिश से भी बीबीएन क्षेत्र में गेहूं की फसल खेतों में गीली हो गई थीं। वहीं अब दोबारा से अगर बारिश होती है तो किसानों को दाना खराब होने का डर बना हुआ है।