पंचायत धर्मपुर की मासिक बैठक शनिवार को प्रधान ओम प्रकाश की अध्यक्षता में पंचायत कार्यालय में हुई। इसमें केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री सिंचाई योजना को पंचायत में कार्यान्वित करने के लिए पंचायत की ओर से 15 लाख की राशि की योजना बनाकर विकास खंड धर्मपुर के कार्यालय में स्वीकृति के लिए भेजी गई।
वार्डों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े इसके लिए निरंतर आपूर्ति करने के लिए डगरोह पेयजल योजना के अलावा गिरि पेयजल योजना से धर्मपुर का हिस्सा लेने की मांग उठाने का फैसला भी लिया गया।
इसके अलावा बैठक में पंचायत प्रधान ने प्रस्तावित ग्रामसभा में रखे जाने वाले विकास कार्यों को लेकर भी सदस्यों के साथ चरचा की।
इसके अलावा पंचायतों में रास्ते और नालियां बनाने और सोलर लाइटें लगाने की बात कही। यह मांग वार्ड सदस्यों ने उठाई। बैठक में स्ट्रीट लाइटों की जगह सोलर लाइटें लगाने का सुझाव दिया गया। कहा कि इससे खर्चा घटेगा। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इस मौके पर उपप्रधान सुशील शर्मा, धर्मपुर पंचायत समिति वार्ड सदस्य दीक्षा, सुखदेव, हेमलता, सुमित्रा, डोली, मुकेश, विनय, निशा देवी, अलोक बंसल, रविश गुप्ता, मीनाक्षी, बीना देवी और अन्य मौजूद रहे।