नालागढ़ डिपो की बस की छत से टपका पानी। संवाद
रामशहर(सोलन)। नालागढ़ डिपो की बसों की हालत इन दिनों बेहद खस्ता बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश के चलते बसों की छतों से पानी टपक रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को मजबूरन छाता खोलकर सफर करना पड़ रहा है।
जयनगर-रामशहर-नालागढ़, बद्दी-साई-रामशहर सहित अन्य रूटों पर चलने वाली कई बसों में शनिवार को यह समस्या देखने को मिली। यात्रियों का कहना है कि बसों की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। बारिश के दौरान सीटों पर पानी भर जाने से यात्रियों को खड़े होकर या भीगते हुए सफर करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि खराब बसों की जल्द मरम्मत कर यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। वहीं क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रोजाना हजारों यात्री इन रूटों पर सफर करते हैं, ऐसे में विभाग को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देनी चाहिए। संवाद