150 लोगों को उठानी पड़ रहीं परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कसौली की कोटला पंचायत के काणो वार्ड के करीब 150 लोगों को पीने के पानी की कोई योजना नहीं मिली है। मंगलवार को पंचायत प्रधान दिनेश शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने गांव में पेयजल की गंभीर समस्या से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में काणो वार्ड की सदस्य कामनी देवी और पूर्व वार्ड सदस्य पूर्णावती, पूनम, सुषमा, नीलम व सोनू शामिल रहीं। महिलाओं ने बताया कि उनके गांव के लिए जल शक्ति विभाग की कोई योजना नहीं बनाई गई है। उन्हें एक किलोमीटर दूर नदी से पीठ व सिर पर पानी ढोकर लाना पड़ता है। गांव के पास एक निजी बोरवेल से फिलहाल पीने के पानी का गुजारा चल रहा है। गांव में एक बोरवेल लगाया गया था, लेकिन वह सूख गया है। इसके कारण उससे पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। बारड गांव के लिए भी पानी की योजना नहीं है। इस गांव को जल्द ही बशोलू कलां शाही पानी की योजना से जोड़ा जाएगा।
कोटला पंचायत के प्रधान दिनेश शर्मा ने बताया कि वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि को पानी की योजना बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। प्रधान ने कहा कि यदि धन की कमी पड़ती है, तो विधायक निधि से धनराशि ली जाएगी। यह कदम गांव में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में उठाया जाएगा। बारड गांव को बशोलू कलां शाही पानी की योजना से जोड़ा जाएगा।
जल शक्ति विभाग धर्मपुर के अधिशासी अभियंता मनीष शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जल्द ही लोगों को पानी की आपूर्ति के लिए हैंडपंप या अन्य विकल्प देखा जाएगा। सहायक अभियंता भानु उदय ने भी गांव के लिए जल्द पानी की आपूर्ति देने की बात कही।