सोलन। नगर परिषद ने शहर भर में 550 लोगों की सूची तैयार कर उन्हें नोटिस जारी किए हैं। इन सभी ने पेयजल का बिल नहीं चुकाया है। नगर परिषद ने नोटिस में साफ हिदायत दी है कि बिल अदा न करने की सूरत में कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद वीरवार से वार्डों में डोर टू डोर पैसे की वसूली के लिए कर्मचारियों को भेजेगी। वहीं, मौके पर पैसा न चुकाने की सूरत में लोगों को पानी से वंचित रहना पड़ेगा।
शहर में 550 लोगों पर नगर परिषद के पानी के बिलों की 74 लाख रुपये बकाया हैं। इसे लंबे अरसे से चुकाया नहीं जा रहा है। उक्त सभी को बार-बार कहने पर भी राशि का भुगतान नहीं किया था। इसके चलते अब नगर परिषद ने कड़ी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। पैसों का सही समय पर भुगतान न करने की सूरत में नगर परिषद के वार्डों में करवाए जाने वाले कार्य सिरे नहीं चढ़ पा रहे हैं।
इस सूरत में नगर परिषद आर्थिक तंगी से जूझ रही है। इसी के साथ हाउस टैक्स न चुकाने वाले लोगों पर भी गाज गिराने की तैयारी है। इसके तहत भी राशि का भुगतान न करने पर बिजली और पानी के कनेक्शनों को काट दिया जाएगा। पानी के बिलों का भुगतान न करने वालों में दिन की हजारों रुपये कमाने वाले लोग भी शामिल हैं। इसको लेकर नगर परिषद ने अब कड़ा संज्ञान लेना शुरू कर दिया है।
पैसे का भुगतान न होने पर काटा जाएगा कनेक्शन : ईओ
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि नगर परिषद ने पानी के बिल की वसूली के लिए डोर टू डोर कर्मचारियों को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि मौके पर पैसे का भुगतान न होने पर नगर परिषद के पास कार्रवाई करने की शक्ति है। भुगतान न करने पर लोगों को पानी के वंचित रहना पड़ेेगा। उन्होंने बताया कि हाउस टैक्स न चुकाने वालों पर भी कार्रवाई की योजना तैयार की जा रही है।