शिव तांडव गुफा मंदिर कुनिहार में भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते लोग। संवाद
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को दर्शनों के लिए उमड़ी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। श्रावण मास के चौथे सोमवार पर शिव तांडव गुफा कुनिहार में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें शिव की पूजा के लिए लग गई। भक्तों ने आराध्य भोले बाबा का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर शंभू परिवार व गुफा विकास समिति ने यज्ञ, हवन और पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम 4:00 बजे से हरी म्यूजिकल ग्रुप कालका ने भोले बाबा की चौकी सजाकर शिव भक्ति के भजन प्रस्तुत किए। वहीं हनी आर्ट ग्रुप धर्मपुर ने आकर्षक झांकियों से भक्तों का मन मोह लिया। हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते गुफा धाम में दिनभर भक्तिरस का माहौल बना रहा।