शहर में सैन्य क्षेत्र के साथ लगते वार्ड नंबर तीन के एरिया में महिला सुरक्षा को लेकर स्थानीय महिलाओं ने सेना के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
- फोटो : Demo pic
शहर में सैन्य क्षेत्र के साथ लगते वार्ड नंबर तीन के एरिया में महिला सुरक्षा को लेकर स्थानीय महिलाओं ने सेना के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। महिलाओं का कहना है कि वार्ड के साथ लगते रेलवे लाइन के आसपास नशेड़ियों की संख्या बढ़ रही है। यहां झाड़ियां भी काफी बढ़ चुकी हैं। इसकी आड़ में नशेड़ी छुपकर नशा करते हैं। कई अनैतिक गतिविधियां भी यहां हो रही हैं।
सौंपे ज्ञापन में वार्ड की महिलाओं ने कहा है कि वार्ड का यह क्षेत्र सेना से संबंधित है। वहीं इसी रास्ते नशेड़ियों की काफी अधिक चहलकदमी और अनैतिक गतिविधियों के कारण लड़कियों तथा महिलाओं का गुजरना भी मुश्किल हो चला है। महिलाओं ने सैन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए सैन्य गश्त की मांग उठाई है। वहीं यहां के बाशिंदों का कहना है कि बारिश से सैन्य क्षेत्र के चर्च और एमटी पार्क में पानी की निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बारिश का जमा पानी लोगों के खेतों और घरों में घुसता है। इससे उन्हें नुकसान होता है।
सहयोग की उठाई मांग : पार्षद
वार्ड पार्षद पार्वती तनवर का कहना है कि शहर के वार्ड तीन की महिलाओं ने वार्ड के साथ लगते सेना के क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सेना के कमांडेंट से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। वार्ड 3 का अधिकांश क्षेत्र सेना के साथ लगता है। इस कारण यहां किसी भी कार्य को करवाने से पहले सेना की अनुमति लेना जरूरी होता है। इसलिए सोमवार को वार्ड की महिलाओं ने वार्ड की समस्याओं को लेकर सेना के अधिकारियों से मुलाकात की। साथ ही सेना के अधिकारियों ने वार्ड के विकास और समस्याओं से जुड़े सभी विषयों पर लोगों का साथ देने की बात कही।
यह रखे गए सुझाव
मौके पर मौजूद पार्षद और स्थानीय महिलाओं में गुरुकुल स्कूल की प्रधानाचार्या गुरप्रीत माथुर, सुनीता देवी, रीता देवी, नीता, करुणा देवी, विद्या देवी और संतोष ने कहा कि सैन्य संबंधित एकांत क्षेत्र तथा रेलवे लाइन के इर्द गिर्द सैन्य गश्त लगाने की मांग उठाई। साथ ही बारिश से चर्च और एमटी पार्क के नीचे लगती कालोनियों में पानी इकट्ठा होने की समस्या पर भी चर्चा की। इससे निपटने के लिए पानी की समुचित निकासी के लिए पाइप बिछाकर गटर बनाए जाने का कार्य जो सेना द्वारा रोक दिया है उसे दुबारा शुरू करने की अपील की।