बद्दी में व्यापार मंडल और पुलिस की बैठक में भाग लेते हुए कारोबारी।
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। नगर व्यापार मंडल की पुलिस के साथ मंगलवार को बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक नवदीप सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शहर में दिन प्रतिदिन बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए सभी व्यापारी दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे व बाजार में चौकीदार अवश्य रखें। जिससे चोरों को पकड़ा जा सके। व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण कौशल ने कहा बाजार के अंदर रेहड़ी-फड़ी वालों ने सड़क पर अतिक्रमण किया हुआ है। बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर परिषद ने इसके लिए जगह निर्धारित की हुई है, उनको उसी स्थान पर रेहड़ी लगाने को कहा जाए। जो ग्राहक दुकान पर आता है, उसको कहीं पर भी गाड़ी पार्क करने की जगह नहीं मिलती है। नगर परिषद ने जहां-जहां पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, वहां पर रेहड़ी वालों ने कब्जा जमाया हुआ है। व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि शहर के बीचोंबीच स्थित साईं मार्ग पर कोई भी ग्राहक अगर दुकान से सामान लेने आता है तो उसका चालान न किया जाए। चालान के डर से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंचते हैं, जिसके कारण दुकानदारों को भारी नुकसान सहना पड़ता है। पुलिस उपाधीक्षक ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और आश्वासन दिया कि चयनित जगह पर ही सभी रेहड़ी वालों को व्यापार करने के आदेश दिए जाएंगे। जो आदेशों का उल्लंघन करेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति शहर के बीचोंबीच मुख्य मार्ग पर किसी तरह की ओवर स्पीड या प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करता है तो उसकी सूचना पुलिस को तुरंत दें। इस मौके पर थाना प्रभारी विजय कुमार, नगर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष भाग सिंह कुंडलस, विक्रमजीत पाल, नेकीराम, किशोरी लाल उर्फ पप्पू, रजिंदर गर्ग, मान सिंह, संजीव कौशल, डॉ. श्रीकांत, स्वर्ण सिंह, मदन शर्मा, पंकज भंडारी, हेमराज, राजेश गुप्ता मौजूद रहे।