अक्तूबर में दावे व आपेक्ष किए थे आमंत्रित, उपायुक्त ने की थी मामले में सुनवाई
कुनिहार में नपं बनाने के बाद नहीं किया है मतदान सूचियों का नहीं हुआ प्रकाशन
जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में 218 ग्राम पंचायतों की मतदान सूचियों का प्रकाशन कर दिया है। 25 अन्य पंचायतों में मतदान सूचियों को इसलिए प्रकाशित नहीं किया है, क्योंकि उनमें या तो नई पंचायतें बनाई गई है या फिर एरिया नगर निगम और नगर पंचायत में शामिल होना है। इन पंचायतों के पुन: सीमांकन होने हैं। इसके बाद ही मतदान सूचियां प्रकाशित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि जिला में 243 ग्राम पंचायतों में से 218 की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया है। इससे पहले अक्तूबर में मतदान सूचियों के लिए दावे व आपेक्ष आमंत्रित किए थे। जिला 239 ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन 6 अक्तूबर, 2025 को किया गया था। इसके बाद उपायुक्त ने मामलों में सुनवाई भी की। इसके बाद प्रकाशन कर दिया है।
उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड कुनिहार की 56 ग्राम पंचायतों में से 49 की निर्वाचक नामावली तैयार कर दी गई है। ग्राम पंचायत हाटकोट के पूर्ण रूप से नगर पंचायत में सम्मिलित होने, ग्राम सभा शहरोल, बड़ोग, हनुमान बड़ोग व दाड़ला ग्राम सभाओं का पुनर्गठन व ग्राम पंचायत कुनिहार व कोठी का नगर पंचायत गठन को लेकर निर्वाचक नामावली प्रकाशन नहीं किया है।
धर्मपुर खंड में इन पंचायतों की नहीं हुई सूची प्रकाशित
विकास खंड धर्मपुर की 26 ग्राम सभाओं में से 21 ग्राम की निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया है। हालांकि ग्राम पंचायत कामली एवं अंबोटा के नगर पंचायत में सम्मिलित होने पर मतदान सूचियां तैयार नहीं हुई हैं। वहीं, 6 अक्तूबर 2025 के उपरांत गठन को लेकर ग्राम पंचायत टकसाल, चम्मो और जाबली के पुनर्गठन के कारण निर्वाचक नामावलियां अंतिम रूप से प्रकाशित नहीं की हैं।
-
पट्टा की पंचायतें नगर निगम में हुई हैं शामिल
विकास खण्ड पट्टा की 25 ग्राम पंचायतों में से 21 की निर्वाचक नामावली का प्रकाशन हो गया है। भटोलीकलां, हरिपुर संडोली, सूरजपुर और ग्राम पंचायत बरोटीवाला के नगर निगम क्षेत्र में सम्मिलित होने के कारण इनकी निर्वाचक नामावलियां अंतिम रूप से प्रकाशित नहीं की गई हैं।
-
नालागढ़ में 69 पंचायतों की प्रकाशित हुई मतदान सूचियां
विकास खंड नालागढ़ की 73 ग्राम पंचायतों में से 69 की निर्वाचक नामावली का प्रकाशन हो गया है। विकास खंड नालागढ़ में ग्राम सभा रत्योड के 6 अक्तूबर, 2025 के गठन अथवा नगर पंचायत में सम्मिलित होने के कारण व ग्राम पंचायत दभोटा के पुनर्गठन व ग्राम सभा थाना व मलपुर के नगर निगम और नगर पंचायत क्षेत्र में सम्मिलित होने के कारण निर्वाचक नामावलियां अंतिम रूप से प्रकाशित नहीं की गई है।
सोलन और कंडाघाट में ये है स्थिति
विकास खंड सोलन की 37 पंचायतों में से 34 निर्वाचक नामावली का प्रकाशन अंतिम रूप से कर दिया है। ग्राम सभा सुल्तानपुर, बड़ोग व बोहली के पुनर्गठन के कारण मतदान सूचियां प्रकाशित नहीं हुई हैं। विकास खंड कंडाघाट की 26 ग्राम सभाओं में से 24 ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नामावली का प्रकाशन अंतिम रूप से किया है। ग्राम सभा बाशा व बीशा के पुनर्गठन के कारण इनकी निर्वाचक नामावलियां अंतिम रूप से प्रकाशित नहीं की गई हैं।