कोठों स्कूल में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वीप कार्यक्रम के तहत निर्वाचन विभाग की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक उच्चतर शिक्षा सोलन डॉ. जगदीश चंद नेगी ने की। उप निदेशक ने पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि वे एक जून को प्रदेश में होने वाले निर्वाचन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि मतदान करना अधिकार के साथ-साथ सभी पात्र मतदाताओं का कर्तव्य भी है। डॉ. जगदीश चंद नेगी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को लोगों के लिए सुगम बनाने के दृष्टिगत सूचना प्रौद्योगिकी आधारित विभिन्न एप भी जारी किए गए हैं। इनमें मतदाताओं के लिए वोटर हेल्पलाइन, दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम एप, उम्मीदवारों के बारे में जानकारी से संबंधित केवाईसी एप, आदर्श आचार संहिता की उल्लंघन संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिए सी-विजिल एप और उम्मीदवारों के लिए सुविधा एप उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर मतदान जागरूकता पर कविता पाठन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठों की प्रधानाचार्या रितु शर्मा, स्टाफ सदस्य, अध्यापक-अभिभावक संघ के पदाधिकारी व सदस्य स्थानीय पंचायत के पदाधिकारी व सदस्य, बीएड प्रशिक्षु और विद्यार्थी उपस्थित रहे।