संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवगांव में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वयंसेवियों ने प्रभातफेरी निकालकर ग्रामवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके उपरांत योग एवं प्राणायाम सत्र आयोजित किया गया। बाद में स्वयंसेवियों ने पंचायत भवन परिसर की सफाई कर उसे सुंदर रूप से सजाया। साथ ही राजकीय प्राथमिक पाठशाला भवन तक जाने वाले मार्ग की झाड़ियों की सफाई की गई और विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाया गया। बौद्धिक सत्र के दौरान विद्यालय में कार्यरत व्यवसायिक शिक्षिका भारती शर्मा ने व्यक्तित्व, सफाई एवं स्वास्थ्य विषय पर स्वयंसेवियों को प्रेरक जानकारी दी। तीसरे दिन के बौद्धिक सत्र में हिंदी अध्यापक धर्मपाल शुक्ला ने नई शिक्षा नीति 2020 पर अपने विचार रखे।