बघेरी स्कूल में एनएसएस शिविर के समापन पर नाटी प्रस्तुत करते स्वयं सेवी। संवाद
बघेरी स्कूल में संपन्न हुआ सात दिवसीय एनएसएस शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बघेरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत लगाया गया सात दिवसीय एनएसएस शिविर विभिन्न गतिविधियों के साथ संपन्न हो गया। शिविर में विद्यालय के 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। मुख्यातिथि अल्ट्राटेक प्लांट हेड अमित दुबे व कंपनी से उनके सहयोगी ठाकुर सिंह, रमेश यादव, देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य सरोज चांगरा व एसएमसी प्रधान हरदीप सिंह, एनएसएस प्रभारी सरिता कौंडल व अन्य स्टाफ सदस्यों के मुख्य अतिथि मुख्यातिथि का स्वागत किया गया और उनको सम्मानित किया गया।
शुरूआत सरस्वती वंदना से हुई। स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। छात्रों की ओर से पेश की पहाड़ी नाटी ने लोगों का मनमोह लिया। स्वयंसेवी अमिषा की ओर से सात दिवसीय शिविर की रिपोर्ट पेश की गई जिसमें कि उसने अपने सातों दिनों की दिनचर्या के बारे में बताया। इस कैंप के दौरान किए गए कार्य गुरुद्वारा साहिब, शिव मंदिर, बाबा बालक नाथ मंदिर, पंचायत घर, पोस्ट ऑफिस, विद्यालय प्रांगण और अन्य जगह की सफाई के कार्य व अन्य कार्यों का विवरण दिया।
मुख्यातिथि ने कहा कि स्वयंसेवियों को सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। एनएसएस का मुख्य लक्ष्य ही सेवा है और सेवा ही जीवन का परम धर्म है। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार जताया।