जिले में व्यावसायिक शिक्षा देने वाले स्कूलों की संख्या बढ़कर 144 हुई, 15 विषयों में कौशल सीखेंगे विद्यार्थी
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ दी जा रही तकनीकी शिक्षा
उद्योगों का भ्रमण कर व्यावहारिक जानकारियां हासिल करेंगे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ तकनीकी और व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने एक और कदम बढ़ाया है। जिले के 39 नए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में वोकेशनल शिक्षा शुरू कर दी गई है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत इन स्कूलों को योजना से जोड़ा है। इसके साथ ही जिले में वोकेशनल शिक्षा देने वाले स्कूलों की संख्या बढ़कर 144 हो गई है। इससे पहले 105 स्कूलों में यह कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
शिक्षा विभाग के अनुसार, नए चरण में वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चमधार, डुमैहर, डोली, दाड़वा, सनावर, बघेल, बवासी, दानोघाट, गनोल, ककड़हट्टी, पट्टाबरोरी, रोड़ी, सुबाथू, घणायच, पंजल, कदौर, क्वारग, दुर्गापुर, जगजीत नगर, गुनाह, मस्तानपुर, मलहेनी, पल्ली, पुर्ला, सेरचराग, शेरन, छयाछी, लगदाघाट, मनलोग, कोटला, पट्टा, भाटिया, लोधीमाजरा, चनाल माजरा, हरिपुर संढोली, अर्की और चंडी के स्कूलों को शामिल किया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शुरू की गई व्यवस्था में विद्यार्थियों को रुचि के अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता दी गई है। इसके माध्यम से छात्र पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न व्यवसायों से जुड़े कौशल और तकनीकी बारीकियां भी सीख सकेंगे। वोकेशनल जिला समन्वयक संदीप ने बताया कि वोकेशनल शिक्षा के तहत 15 विषय पढ़ाए जा रहे हैं। इनमें टूरिज्म, टेलीकॉम, सुरक्षा, रिटेल, प्लंबर, मीडिया, आईटी, हेल्थकेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, बीएफएसआई, ब्यूटी एंड वेलनेस, कृषि और फूड प्रोसेसिंग सहित अन्य कोर्स शामिल हैं।
समग्र शिक्षा के जिला अधिकारी डॉ. राजेंद्र वर्मा ने बताया कि वोकेशनल शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ जमीनी और व्यावहारिक जानकारी देना है। इसके तहत विद्यार्थियों को समय-समय पर विभिन्न उद्योगों का भ्रमण भी करवाया जाएगा। इससे उन्हें आधुनिक तकनीक, उद्योगों की कार्यप्रणाली और रोजगार से जुड़े अवसरों को नजदीक से समझने का मौका मिलेगा।