संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (सोलन)। प्रसिद्ध समाजसेवी और व्यवसायी नरेश गांधी ने जनसेवा की पहल करते हुए ग्राम पंचायत चायल में निशुल्क आंखों की जांच शिविर का सफल आयोजन किया। चायल और आसपास की कई पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने इस शिविर का लाभ उठाया और अपनी आंखों की जांच करवाई। इस शिविर में मोहाली स्थित जेपी अस्पताल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं दीं। टीम में डॉ. जेपी, संजय मिश्रा, डॉ. जतिंदर सिंह, हरप्रीत, मुनीश, डॉली और विनोद जैसे स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। शिविर के दौरान उन सभी जरूरतमंद लोगों की पहचान की गई, जिनकी आंखों की रोशनी बहुत कमजोर थी और जो आर्थिक कारणों से अपना इलाज या ऑपरेशन नहीं करवा सकते थे। समाजसेवी नरेश गांधी ने इन सभी लोगों के इलाज और ऑपरेशन का सारा खर्च स्वयं वहन करने का आश्वासन दिया है, जिससे कई लोगों के जीवन में रोशनी लौटने की उम्मीद जगी है।