यातायात व्यवस्था में एक हवलदार, चार कांस्टेबल की तैनाती का भी दिया सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। कुनिहार विकास सभा ने शहर में बढ़ते यातायात दबाव और लगातार लग रहे जाम को देखते हुए एसपी से स्थायी ट्रैफिक स्टाफ तैनात करने की मांग की है। सभा के प्रधान धनीराम तंवर सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि कुनिहार एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बन चुका है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहन कुल्लू-मनाली, शिमला, नालागढ़, रोपड़ और सोलन की ओर आवाजाही करते हैं। इसके चलते मुख्य मार्ग पर दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है, जिससे पैदल चलने वाले लोग, खासकर स्कूली बच्चे और वरिष्ठ नागरिक, परेशान हैं। सभा ने सुझाव दिया कि शहर में कम से कम एक हवलदार और चार कांस्टेबल नियमित तैनात किए जाएं। साथ ही अस्पताल के समीप और पूर्व पुलिस चौकी स्थल पर ट्रैफिक प्वाइंट बनाकर दो-दो कांस्टेबल तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि जाम की समस्या कम हो और यातायात सुचारू रूप से चल सके। प्रधान धनीराम तंवर ने कहा कि यह मांग आम जनहित से जुड़ी है और समय रहते उचित कदम उठाए जाने आवश्यक हैं।