नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में कोविड-19 मरीजों के इलाज और देखभाल के लिए मेक शिफ्ट अस्पताल का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ परिसर में नवनिर्मित मेक शिफ्ट अस्पताल का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू 10 फरवरी को करेंगे।
कोविड-19 के लिए बनाए इस विशेष अस्पताल भवन में उच्च गुणवत्ता के तापमान अवरोधक पदार्थों का उपयोग किया गया है। इससे सर्दी-गर्मी में मरीजों को तापमान की समस्या से न जूझना पड़े। नोडल अधिकारी कोविड-19 (बीबीएन) डॉ. गगनदीप राजहंस ने बताया कि मेक शिफ्ट अस्पताल में कोविड-19 के 45 मरीजों को एक साथ इलाज की सुविधा दी जा सकती है जिसमें 10 आईसीयू बेड भी शामिल है। निर्माण कार्य 14 नवंबर 2020 को शुरू किया गया था।
तीन माह से भी कम रिकॉर्ड अवधि में इसके निर्माण कार्य को पूर्ण कर लिया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त कोविड-19 मेक शिफ्ट अस्पताल में मरीजों की गरम पानी की आवश्यकता के लिए गीजर, प्रत्येक बेड के लिए ऑक्सीजन और स्वच्छ शौचालय की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। इस अस्पताल में अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ भी मुहैया करवाया जा रहा है।