800 मीटर नई सड़क भी जनता को की गई समर्पित
पिंजौर से नालागढ़ तक 31.195 किमी में होगा फोरलेन निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन में संडोली में पुल और आठ सौ मीटर सड़क को तैयार कर दिया है। फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी की ओर से इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी है। फोरलेन में अभी तक आठ छोटे और दो पुल बन कर तैयार हो गए है। यही नहीं, नौ किलोमीटर एरिया में सड़क को पूरी तरह से तैयार कर दिया गया है। कई जगह पर कार्य अंतिम पड़ाव में है।
पिंजौर से नालागढ़ तक 31.195 किलोमीटर में फोरलेन निर्माण होना है। एनएचएआई ने इस कार्य को पटेल एंड कंपनी को 469 करोड़ रुपये में ठेका दिया है। ठेकेदार ने 30 माह के भीतर इस कार्य को पूरा करना है। हरियाणा राज्य में 14 व हिमाचल में 17 किमी फोरलेन बननी है। इस फोरलेन पर चार बड़े पुल और 15 छोटे पुल बनने हैं। 96 कलवर्ट, एक फ्लाई ओवर और दो अंडर पास भी प्रस्तावित हैं।
बद्दी में फ्लाई ओवर का कार्य शुरू हो चुका है। किशनपुरा व बद्दी में दो अंडर पास बनने हैं। बद्दी, मंडावाला, मलकू मजारा व किशनपुरा में चार बड़े पुल बनने हैं। अभी तक निर्माण कंपनी ने दो बड़े पुल और आठ छोटे पुल बना दिए हैं। शनिवार रात को बद्दी के समीप संडोली गांव में एक पुल व आठ सौ मीटर मार्ग तैयार किया गया।
उधर, फोरलेन निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सतिंद्र सिंह ने रविवार को पुल का उद्घाटन किया। वहीं, मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि पुल तथा 800 मीटर रोड व पुल को समय पर पूरा करने में विभाग के अर्पित जैन, जसकरण भुल्लर, संरचना विभाग से मनदीप व गौतम की प्रशिक्षित टीम, सुरक्षा विभाग के राकेश कुमार सिंह व सोनू कुमार और उनकी टीम और यांत्रिक विभाग के आशीष पाण्डेय और शिव कुमार की टीम समेत अन्य का सहयोग किया है।