पंजाब, दिल्ली, हरियाणा में गर्मी बढ़ने से प्रदेश का रुख कर रहे पर्यटक, बारिश ने और सुहाना किया मौसम
- दिनभर कालका-शिमला हाईवे पर वाहनों की लगी रही आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)/शिमला। वीकेंड पर शनिवार को हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। कसौली में जहां 70 फीसदी होटल बुक हो गए, वहीं शिमला में भी 60 फीसदी बुकिंग रही। इसी तरह कुल्लू-मनाली, डलहौजी में भी पर्यटक पहुंचे हैं। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा में गर्मी बढ़ने से पर्यटक हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं। शनिवार को हुई बारिश ने प्रदेश का मौसम और सुहाना कर दिया है।
पर्यटकों की भारी संख्या में आवाजाही से कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर दिनभर वाहनों की कतारें लगी रहीं। सनवारा टोल प्लाजा के सभी टोल गेट पर वाहनों की कतारेंं लगी रहीं। टोल प्लाजा से मिले आंकड़ों के अनुसार शाम 5:00 बजे तक 11,737 वाहनों ने प्रदेश में प्रवेश किया था। अधिकतर पर्यटक वाहनों ने सोलन जिले के विख्यात पर्यटन स्थल कसौली की ओर रुख किया। पर्यटकों की आवाजाही से कसौली-गढ़खल मार्ग पर भी जाम लगता रहा। जाम खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। गढ़खल बाजार पांच क्षेत्रों से आने वाली सड़कों का केंद्र है, जिससे यहां जाम की स्थिति हरदम बनी रहती है, लेकिन भारी संख्या में पर्यटकों के आने से स्थिति और भी विकट हो जाती है। पर्यटक सीजन और चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। नेशनल हाईवे समेत पर्यटक स्थलों पर पुलिस कर्मी तैनात हैं। प्रवेश द्वार पर वाहनों की जांच भी की जा रही है।
उधर, राजधानी शिमला में भी बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आ रहे हैं। मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। शहर में पर्यटकों की आवाजाही में बढ़ोतरी से वीकेंड पर होटलों में 60 फीसदी कमरे बुक हैं। बीते सप्ताह के मुकाबले यह 30 फीसदी अधिक है। घोड़ा यूनियन के प्रधान गुलामदीन बताते हैं कि उनका कारोबार लगातार घाटे में चल रहा है। शिमला में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी के बाद भी अभी उनको नुकसान की भरपाई में समय लगेगा। होटल एसोसिएशन शिमला के उपप्रधान प्रिंस कुकरेजा ने कहा कि इस वीकेंड में अब तक सबसे ज्यादा सैलानी शिमला घूमने पहुंचे हैं।