संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सब्जी मंडी सोलन में किसानों को और कारोबारियों को तिरपाल लगाकर सब्जियों की बिक्री नहीं करनी पड़ेगी। मंडी समिति से सब्जियों के ऑक्शन के लिए शेड का निर्माण किया जाएगा। यह निर्णय मंडी समिति की बैठक में लिया गया। शेड निर्माण के लिए पहले इंजीनियरों की राय ली जाएगी। इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा जिससे किसानों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी सोलन में सब्जियों के ऑक्शन शेड की व्यवस्था ही नहीं है। इस कारण बारिश के दौरान किसानों और कारोबारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश से किसानों की सब्जियां भी खराब हो रही हैं। इस कारण उन्हें नुकसान झेलना पड़ रहा है।
किसानों और कारोबारियों की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। अब मंडी समिति ने शेड निर्माण के लिए कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही इंजीनियर मंडी का निरीक्षण करेंगे। उनकी राय के अनुसार ही शेड का निर्माण किया जाएगा।
मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि किसानों और आढ़तियों की समस्या को समिति की बैठक में रखा गया। इसके बाद शेड बनाने के लिए आला अधिकारियों ने अनुमति दी है। शेड बनाने में इंजीनियरों की राय ला जाएगी। इसका कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।