धूल से लोग हो रहे परेशान
निगम की सफाई व्यवस्था के दावे फेल, चौड़ीकरण भी सालों से अटका
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। नगर निगम बद्दी का वर्धमान चौक बदहाल है। बंद नालियां, जगह-जगह कूड़े के ढेर, धूल के गुबार और अव्यवस्थित ट्रैफिक यहां के लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गए हैं। नगर निगम की लापरवाही और अधूरे विकास कार्यों के कारण क्षेत्र के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि चौक पर अवैध रूप से लग रही सब्जी मंडी के चलते वाहन सड़क पर ही खड़े हो जाते हैं। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। वर्धमान चौक से एफी चौक, हरिपुर गुरुद्वारा और भटौली की ओर जाने वाली सड़कों की नालियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं। बारिश या पानी बहने की स्थिति में पानी सड़कों पर फैल जाता है और जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं।
लोगों के अनुसार पिछले तीन वर्षों से सड़क की हालत बेहद खराब है, लेकिन मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वर्धमान चौक और आसपास का क्षेत्र पहले बीबीएनडीए के अधीन था, लेकिन नगर निगम सीमा में शामिल होने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब हर घर से 50 रुपये स्वच्छता शुल्क लिया जा रहा है, तो चौक-चौराहों पर कचरे के ढेर क्यों लगे हैं। उन्होंने नगर निगम बद्दी और बीबीएनडीए से इस समस्या पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।