बद्दी की निजी कंपनी में काम करता था भास्कर चंद
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। किशनपुरा के जंगल में उत्तराखंड निवासी व्यक्ति का शव पानी के पाइप से लटका मिला है। जंगल से गुजर रहे लोगों ने शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भास्कर चंद पाठक, पुत्र भुवन चंद पाठक, गांव सरयोनी, जिला पिथौरागढ़ (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। मृतक बद्दी में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और उसे कंपनी की ओर से कमरा भी दिया गया था। भास्कर चंद का शव पास के जंगल में पानी के पाइप से लटका मिला। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसे देखा और मानपुरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और परिजनों को भी सूचित किया। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।