कितने विद्यार्थी ने खाना खाया और किसने की जांच देनी होगी रिपोर्ट
स्कूलों परिसर की खाली जगह पर किचन गार्डन भी करना होगा तैयार
शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय टीम जल्द करेगी स्कूलों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्ती की है। अब सभी स्कूलों को पीएम पोषण योजना ऐप पर मिड-डे मील से संबंधित जानकारी रोजाना अपलोड करनी होगी। इसमें भोजन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या और भोजन की गुणवत्ता की जांच से जुड़ी जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा।
विभाग ने स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के लिए परिसर में खाली जगहों पर किचन गार्डन तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं। इनमें उगाई जाने वाली ताजी मौसमी सब्जियों का उपयोग मिड-डे मील में किया जा सकेगा। नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय टीम विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण करेगी। लापरवाही मिलने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोट
स्कूलों को मिड-डे मील की रिपोर्ट प्रतिदिन अपलोड करनी होगी। उन्होंने किचन गार्डन में मौसमी सब्जियां उगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि कई स्कूलों में पिछले मौसम की सब्जियों के अवशेष गार्डन में पड़े मिले हैं। ऐसे में इनकी सफाई कर सर्दियों में उगाई जाने वाली सब्जियों की तैयारी करने को कहा गया है। रीता गुप्ता, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा