पंचायत सनेड़ की स्तरोन्नत राजकीय माध्यमिक पाठशाला बेली दियोड का दून विधायक राम कुमार चौधरी ने लोकार्पण किया।
- फोटो : demo pic
पंचायत सनेड़ की स्तरोन्नत राजकीय माध्यमिक पाठशाला बेली दियोड का दून विधायक राम कुमार चौधरी ने लोकार्पण किया। क्षेत्र में सन 1952 में खुली इस पाठशाला के दर्जे को 64 वर्षों के बाद बढ़ाया है। स्कूल का दर्जा बढ़ाए जाने पर स्थानीय लोगों ने विधायक राम कुमार चौधरी का आभार व्यक्त कर उनका भव्य स्वागत किया है। ग्रामीणों ने स्कूल के अपग्रेड होने से सनेड़ पंचायत के ग्रामीण इलाकों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई है।
विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विस क्षेत्र में जनता की उम्मीदों से अधिक सरकार की ओर से सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। कहा कि दून में दो वर्षों में डिग्री कॉलेज बरोटीवाला, आईटीआई पट्टा और कुठाड़, टूल रूप, सीपेट जैसी विकासात्मक गतिविधियों की शुरुआत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों से हुई है। इसका लाभ क्षेत्र की जनता के साथ लाखों लोगों को होगा। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की मांग पर बेली दियोड स्कूल के लिए एक कमरे के निर्माण की घोषणा विधायक की ओर से की गई।
हांडा खुंडी गांव के लिए हैंडपंप, सामुदायिक भवन को धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा के साथ नालका गांव में नए प्राथमिक स्कूल खोलने की मांग को मुख्यमंत्री को भेजने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान धीरेंद्र कुमार, उपप्रधान सुरेंद्र राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम प्रकाश, उप प्रधान हितेंद्र सोनू, प्रधानाचार्य डीएन सोनी, दयाराम, भीम चौधरी, दिलवर खान और गुरदेव चंदेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।