पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जानकारी लेते हुए। स्रोत: स्कूल पबंधन
10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को मोबाइल से दूर रहने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को पाइनग्रोव स्कूल पहुंचे। यहां पर स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह ने उनका जोरदार स्वागत किया और स्कूल पहुंचने पर उनका आभार जताया। नड्डा के दोनों बेटे पाइनग्रोव स्कूल के पूर्व छात्र हैं। छात्रों को दिए गए अपने प्रेरणादायक संबोधन में जेपी नड्डा ने पाइनग्रोव को एक विशिष्ट और प्रगतिशील संस्था बताया। उन्होंने विद्यालय के समग्र शैक्षिक लोकाचार की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा को परिवर्तन का सबसे शक्तिशाली साधन बताते हुए कहा कि वह पढ़ाई में अपना पूर्ण सहयोग देकर स्कूल व हिमाचल का नाम रोशन करें। इस दौरान नड्डा ने विद्यालय के अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे का दौरा किया और छात्रों और शिक्षकों के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत की। बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने उन्हें बड़े सपने देखने, मोबाइल की लत से दूर रहने और ज्ञान, ईमानदारी और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके अलावा उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का पालन-पोषण और मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों का सम्मान और उन पर भरोसा करने का आग्रह किया। इस दौरान सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल भी थे।