परिसर में कैंटीन खोलने का प्रस्ताव पारित
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। रोगी कल्याण समिति बद्दी ने बैठक कर बजट पारित किया। समिति की आय 54 लाख 18 हजार दिखाई गई जबकि खर्च 54 लाख 9 हजार 16 रुपये दिखाया गया।
एसडीएम दिव्यांशु सिंगल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पहले से आउटसोर्स पर रखे चार कर्मियों को यथावत रखने का फैसला लिया गया। इनके मानदेय में बढ़ोतरी की गई। न्यूनतम वेतन के आधार पर उन्हें वेतन देने का फैसला लिया गया। सुरक्षा गार्ड को 375 रुपये प्रति दिन, डाटा एंट्री आपरेटर को 420 रुपये देने के प्रस्ताव पारित किया गया। पहले आउटसोर्स पर अल्ट्रासाउंड 150 रुपये में होता था लेकिन अब इसे बढ़ा कर दो सौ रुपये कर दिया है। जरूरत पड़ने पर ही लेवल टू कराया जाएगा। इसके लिए पांच सौ रुपये से अधिक पैसा नहीं दिया जाएगा।
बैठक में नए अस्पताल परिसर में एक दुकान खोलने की बात कही। इस पर अस्पताल का काम पूरा होने के बाद ही निर्णय लेने पर विचार करने की बात कही। अस्पताल में कैंटीन आउटसोर्स पर खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया। यह कैंटीन सरकार के निर्धारित रेट के आधार पर खोली जाएगी। पिछले बैठक में डायलिसिस सेंटर खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया था लेकिन अभी तक विभाग के नाम जमीन प्रशासन ने नहीं की है। इस पर एसडीएम ने संज्ञान लिया और तहसीलदार को जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए। बैठक में वक्ताओं ने नए अस्पताल को शुरू करने का समय सीमा की मांग की। इस पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने कहा कि उनके पास जो पैसा आया है। उससे डेढ़ करोड़ रुपये अधिक खर्च हो चुका है। बजट आने के बाद ही कार्य पूरा होगा। बैठक में बीएमओ डॉ. मुक्ता रस्तोगी, एसएमओ डॉ. अनिल आरोड़ा, अच्छरपाल कौशल, राम प्राकाश, रोटरी क्लब के सतीश कौशल, गलेनमार्क फाउंडेशन के बृजेंद्र सिंह समेत विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।