स्वास्थ्य विभाग ने टीमों का किया गठन, जनवरी में होंगे औचक निरीक्षण
प्रसव से पूर्व जानकारी देने वाले क्लीनिकों पर कसा जाएगा शिकंजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में अवैध रूप से चलने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्रों का पता लगाने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने टीम का गठन कर दिया है। यह टीम जनवरी में जिलेभर में निरीक्षण करेगी। टीम में रेडियोलॉजिस्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी, संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सक शामिल हैं।
टीम बिना अनुमति के चल रहे केंद्रों की पहचान करेगी और दस्तावेजों की जांच के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह देखा जाएगा कि कोई अल्ट्रासाउंड संचालक प्रसव से पूर्व जानकारी तो नहीं छिपा रहा है। अनुमति लेकर चल रहे केंद्रों में भी अनियमितताओं का पता लगाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा जाएगा कि मरीजों को निजी क्लीनिक नियमों के अनुसार सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं या नहीं। पूरी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जाएगी।
जिले में सरकारी और निजी स्तर पर लगभग 60 अल्ट्रासाउंड क्लीनिक चल रहे हैं। बढ़ती संख्या के कारण स्वास्थ्य विभाग को संदेह है कि कुछ केंद्र अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। यही कारण है कि टीम सोलन के साथ-साथ नालागढ़ और बद्दी क्षेत्र में भी निरीक्षण करेगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिला में चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि पता लगाया जा सके कि कौन से केंद्र अवैध रूप से संचालन कर रहे हैं।
-डॉ. अमित रंजन तलवाड़, कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोलन