दाड़लाघाट पुलिस ने नवगांव में की बड़ी कार्रवाई, ट्रक में छिपाई थी 1560 शराब की बोतलें
दाड़लाघाट क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पुलिस की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। दाड़लाघाट क्षेत्र के नवगांव में पुलिस ने एक ट्रक से 130 पेटियां देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में मंडी जिला के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो बिना किसी वैध परमिट के शराब की बड़ी खेप ले जा रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल और पवन कुमार नामक दो व्यक्ति ट्रक में अवैध शराब की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नवगांव में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा, जिसे रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें 130 पेटी शराब की बरामद हुई। इसमें 55 पेटियां अंग्रेजी शराब (660 बोतलें) और 75 पेटियां देसी शराब (900 बोतलें) पाई गईं। पूछताछ के दौरान ट्रक में सवार राहुल निवासी गांव छपरोल डाकघर गाग्गल, तहसील बल्ह, जिला मंडी और अजय कुमार निवासी गांव कशारला, डाकघर रत्ती, तहसील बल्ह, जिला मंडी पुलिस को देखकर हड़बड़ा गए और शराब से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सके।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।