मानपुरा के एक दवा उद्योग का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र मानपुरा में एक दवा उद्योग के टैंक की सफाई करते समय दो कामगारों को अचानक करंट लग गया। करंट लगने के बाद एक कामगार मौके पर मौजूद अन्य व्यक्ति पर गिर गया। इस कारण वह भी घायल हो गया। तीनों को बेहोशी की हालत में नालागढ़ अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो की हालत गंभीर बताई गई और उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, घायल कामगारों की पहचान राजेश, कृष्ण और सौरभ के रूप में हुई है, जो झारखंड के निवासी हैं। वे टैंक की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक टैंक में करंट आ गया। दो कामगारों को करंट लगा और एक कामगार गिरकर घायल हो गया। मौके पर अन्य कामगारों ने तुरंत बिजली बंद करवाई और घायल कामगारों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि करंट टैंक में कैसे आया। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। जांच की जा रही है कि करंट किस कारण टैंक में आया।
हरायपुर में सात साल की बच्ची ने गलती से पी लिया तेजाब
बद्दी (सोलन)। हरायपुर में एक सात साल की बच्ची ने गलती से तेजाब पी लिया, जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई। बच्ची को प्राथमिक उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसपी अशोक वर्मा ने कहा कि पुलिस को इस घटना के बारे में शिकायत मिली है और जांच जारी है।