नालागढ़(सोलन)। बेहड़ी पंचायत के दो गांवों में पिछले दो माह से पेयजल संकट बना हुआ है। कुछ लोगों के सीधे मुख्य लाइन से कनेक्शन लेने से यह समस्या आई है। इससे अंतिम छोर वाले गांवों को पानी नहीं मिल रहा है। पंचायत प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीण इस समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता से मिले। विभाग ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार बेहड़ी पंचायत के गुनाह कलां और गुनाह खुर्द गांव में दो माह से पानी की किल्लत बनी हुई है। पहले यहां पर नियमित पानी आता था लेकिन अब बेरा दा घाट गांव में मुख्य लाइन से कनेक्शन दिए गए हैं। यहां पर नलका खुलने से आगे के गांवों को प्रेशर नहीं मिल पा रहा है जिससे लोगों को पानी नहीं मिल रहा है।
पंचायत प्रधान किशन चंद, वार्ड सदस्य सुनीता देवी, महेंद्र सिंह, हेतराम, मनजीत सिंह, बंसीलाल, तीर्थ राम, मान सिंह, निक्कू राम, चमन लाल, अशोक कुमार, कमलदेव, रामराज और रमन कुमार ने बताया कि इन दानों गांवों के अभी तक ठीक पानी आ रहा था लेकिन अब मैन लाइन से कनेक्शन देने से जैसे ही नलके खुलते है तो आगे पानी नहीं जाता है। लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। अभी गर्मियां शुरू हुई है लेकिन आगे यह समस्या और विकराल हो सकती है।
उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर समस्या को ठीक किया जाएगा।