बद्दी(सोलन)। बद्दी में अवैध खनन रूकने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ प्रशासन अवैध खनन को लेकर रणनीति बना रहा है तो वहीं दूसरी तरफ खनन माफिया नए-नए तरीके अपना रहे हैं। शनिवार सुबह 11 बजे बद्दी पुलिस के माइनिंग एंड डिटेक्टिव सेल ने अवैध खनन करते हुए दो ट्रैक्टर को पकड़ा और 20,000 रुपये जुर्माना वसूले।
बद्दी पुलिस के माइनिंग एंड डिटेक्टिव सेल ने पंजाब की सीमा के साथ लगते हिमाचल के कोटला कलां में खनन करते हुए दो ट्रैक्टर को मौके पर पकड़े। यहां से खनन सामग्री भरकर पंजाब में पहुंचाई जा रही थी।
सुबह 11:00 बजे जैसे ही पुलिस को सूचना मिली कि कोटला कलां की नदी में अवैध खनन हो रहा है। सूचना मिलते ही माइनिंग एंड डिटेक्टिव सेल के कर्मचारी रमनजीत, दया सिंह और बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर दो ट्रैक्टर को खनन करते हुए पकड़ा। पुलिस ने मौके पर ही इन दोनों ट्रैक्टर संचालकों से 20,000 रुपये जुर्माना वसूला।
डीएसपी प्रियंका गुप्ता ने बताया कि पुलिस एक स्थान पर दबिश देती है तो खनन करने वाले लोग दूसरे स्थान पर चले जाते हैं। खनन विभाग ने भी पंजाब की सीमा को जोड़ने वाले संपर्क मार्गो को बंद किया है। लेकिन खनन माफिया रातों-रात वैकल्पिक मार्ग बनाकर खनन शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक पुलिस चालान करके वाहन चालकों को छोड़ रही थी। लेकिन अब नदी नालों को खोखला करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाएंगे।