नालागढ़ कालेज के दो एनसीसी कैडिट गणतंत्र परेड़ में भाग लेने वाले शंशाक सिहोल व अर्शदीप सिंह- स्
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ कॉलेज के लिए यह गर्व का विषय है कि महाविद्यालय के दो एनसीसी कैडेट 26 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ एनसीसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों कैडेटों के चयन से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल बना हुआ है। महाविद्यालय के सीनियर अंडर ऑफिसर शशांक सिहोल प्रतिष्ठित कर्तव्य पथ परेड में भाग लेकर अपनी उत्कृष्ट ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन करेंगे। वहीं लांस कॉरपोरल अरशदीप सिंह गणतंत्र दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता कर निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि में महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के एएनओ डॉ. प्रशांत रोहटा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। डॉ. रोहटा ने महाविद्यालय के प्रधानाचार्य, स्टाफ सदस्यों तथा 1 एचपी बटालियन एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस का निरंतर सहयोग और प्रेरणा के लिए आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुज साहनी ने दोनों कैडेटों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए एनसीसी इकाई के योगदान की सराहना की और इसे महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया।