पुलिस ने मोरपिन मार्ग और नंगल के समीप पकड़े शातिर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी पुलिस ने गश्त के दौरान दो मामलों में चिट्टा और चूरा पोस्त बरामद किया है। जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में पुलिस ने माेरपिन रोड पर एक व्यक्ति के कब्जे से 2.90 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। जबकि दूसरे मामले में नंगल के दुर्गा माता मंदिर के समीप एक व्यक्ति से 2.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार पुलिस मोरपिन रोड पर गश्त कर रही थी तो पुलिस को देख कर एक व्यक्ति भागने लगा जिस पर पुलिस ने चोरी का सामान होने का अंदेशा होने पर उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जब पुलिस ने पंजाब के जिला फतेहगढ़ के थाना सरहिंद निवासी अमरेंद्र सिंह की तलाशी ली तो उसके कब्जे से चूरा पोस्त बरामद हुआ है। पुलिस ने चूरा पोस्त को कब्जे में लेने के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर नालागढ़ पुलिस ने नंगल के दुर्गा माता मंदिर में एक व्यक्ति के कब्जे से 2.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया। नालागढ़ पुलिस जब माता मंदिर के समीप थी तो एक व्यक्ति पुलिस को देख कर भागने लगा जिस पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक पाॅलिथीन की लिफाफा निकला जिसमें 2.01 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। उधर, मामले की पुष्टि एएसपी अशोक वर्मा ने की है।