चार साल से लंबित वित्तीय लाभ जारी न होने पर मंच ने जताई नाराजगी
प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन को दी आंदोलन करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की नालागढ़ इकाई की मासिक बैठक शुक्रवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम की कार्यशाला के मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष नंदलाल ने की। इसमें मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष राम स्वरूप और जिला अध्यक्ष भीम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित वित्तीय मांगों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं मंच के सदस्यों ने कहा कि सरकार और निगम प्रबंधन की ढुलमुल एवं उदासीन कार्यप्रणाली के कारण पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो 16 नवंबर को जिला मुख्यालय सोलन में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को निगम के मुख्य कार्यालय शिमला में भी धरना-प्रदर्शन करने के लिए पेंशनर मजबूर होंगे।
बैठक में पेंशनरों ने प्रदेश सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन के प्रति रोष जताते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों से वे लगातार अपने वित्तीय लाभ जारी करने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई है। मंच ने मांग की कि एक अप्रैल 2016 से लागू नए वेतनमान के अनुसार पेंशनरों की पेंशन में हुई बढ़ोतरी का बकाया एरियर जल्द जारी किया जाए। इसके अलावा डीसीआरजी (ग्रेच्युटी) और लीव एनकैशमेंट का लंबित एरियर भी दिया जाए।
मंच ने माननीय उच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार वेतनमान के बकाया एरियर का भुगतान छह प्रतिशत ब्याज सहित किस्तों में करने की व्यवस्था करने की मांग उठाई। इसके साथ ही 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर मिलने वाली पांच और दस प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन वृद्धि का एरियर भी शीघ्र जारी करने की मांग की गई। वर्ष 2025-26 में सेवानिवृत्त हुए निगम कर्मचारियों की पेंशन तत्काल लगाने और सेवानिवृत्ति पर मिलने वाले सभी वित्तीय लाभों का भुगतान जल्द करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि निगम में कार्यरत कर्मचारियों की तर्ज पर पेंशनरों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) एरियर सहित जारी किया जाए। इसके अलावा पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। बैठक में अध्यक्ष नंदलाल, सचिव रघुवीर सिंह, जयकिशन राणा, धर्मपाल, अमरजीत सिंह, ओंकार सिंह, रामलोक, राम सिंह, दलीप चंद, सुरेंद्र सिंह, सिकंदर सिंह, रघुबीर वर्मा, कर्म चंद, केवल गुप्ता, सिख राम, रविंद्र शर्मा, कमल चंद शर्मा, चरण सिंह, रमेश चंद, लेख राज, रामप्यारा , प्रकाश चंद और हरदयाल सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
16 को सोलन और 27 को शिमला में प्रदर्शन की चेतावनी
मंच ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन से समय रहते मांगें पूरी करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि आंदोलन की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन की होगी।
इनसेट
यह रहे मौजूद