हॉलीडे स्पेशल और हिमालयन क्वीन ट्रेन एक घंटा तक लेट, दिल्ली से आने वाली शताब्दी ट्रेन के साथ कनेक्ट है टॉय ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मैदानी इलाकों में पड़ रहे कोहरे से कालका-शिमला विश्व धरोहर पर दो ट्रेनें लगातार लेट हो रही हैं। इस कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हॉलीडे स्पेशल व हिमालयन क्वीन ट्रेनें एक घंटा तक लेट हो रही हैं। कालका से शिमला की ओर ट्रेनें लेट होने से शिमला से कालका की ओर भी ट्रेनें लेट चल रही हैं। इस कारण कई यात्री अगली ट्रेनें नहीं पकड़ पा रहे हैं क्योंकि जब तक ये ट्रेनें कालका पहुंचती हैं तब तक ब्रॉडगेज लाइन पर चलने वाली ट्रेनें गंतव्य की ओर निकल जाती हैं।
शनिवार को धुंध के कारण दिल्ली से कालका शताब्दी ट्रेन देरी से पहुंची। यह ट्रेन 11:40 बजे दिल्ली से कालका पहुंचती है, लेकिन धुंध के कारण ट्रेन पूर्वाह्न 11:59 बजे पहुंची। इस कारण कालका से शिमला 52455 हिमालयन क्वीन ट्रेन को 11:55 की बजाय दोपहर 12:05 बजे रवाना किया गया। इसी तरह 04503 हॉलीडे स्पेशल भी देरी से रवाना की गई। यह ट्रेन दोपहर 12:30 बजे की बजाय 01:32 बजे निकली। यह ट्रेन करीब एक घंटा लेट रही। इन ट्रेनों के शिमला पहुंचने के बाद कालका के लिए भी देरी से चलाया गया। सबसे लेट हॉलेडे स्पेशल को रवाना किया गया। इस कारण यात्री अधिक परेशान हो रहे हैं। गौर रहे कि दिल्ली से आने वाली ट्रेनों के साथ ट्रॉय ट्रेनें कनेक्ट होने से ट्रेनों को देरी से रवाना किया जाता है। कनोह से शिमला, समरहिल कामकाज के लिए ट्रेन में जाने वाले लोगों को भी शनिवार को बसों का सहारा लेना पड़ा।
इनसेट
वीकेंड के चलते ट्रेनें पैक
शनिवार और रविवार होने के कारण कालका-शिमला रेल ट्रैक पर सभी ट्रेनें फुल होकर निकलीं। काउंटर पर भी टिकट मुश्किल से मिल रहा है। शनिवार को कालका से शिमला के लिए चलने वाली पांच ट्रेनें पूरी तरह पैक रहीं। रविवार को भी अप और डाउन की ओर चलने वाली सभी ट्रेनें पैक हैं।