हिमालयन क्वीन को कालका से शिमला के लिए 35 मिनट की देरी से रवाना किया गया, लेकिन यह ट्रेन सनवारा के जंगलों में करीब 30 मिनट तक फंसी रही। ऐसे में शिमला पहुंचते-पहुंचते यह ट्रेन भी करीब एक घंटा लेट हो गई। देरी से शिमला पहुंचने के बाद डाउन ट्रेनें भी देरी से रवाना की गईं। रेलवे बोर्ड ने मौसम को देखते हुए ट्रेनों को री-शेड्यूल भी किया। पेड़ और पत्थर गिरने के बाद रेलवे टीम ने मुस्तैदी से काम किया और ट्रेनों में सवार यात्रियों को सुरक्षित शिमला पहुंचाया।
हालांकि, ट्रेनों के फंसने और काफी देर तक स्टेशन पर खड़े रहने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को ट्रेनें खचाखच भरकर शिमला की ओर रवाना हुईं। सुबह सबसे पहली 52457 कालका-शिमला एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 3:30 बजे निर्धारित समय पर शिमला के लिए निकली। यह ट्रेन धर्मपुर से कुमारहट्टी के बीच करीब 50 मिनट तक फंसी रही और करीब एक घंटा देरी से शिमला रेलवे स्टेशन पर 9:50 बजे पहुंची। इसके बाद 52451 शिवालिक एक्सप्रेस सुबह 5:45 बजे शिमला के लिए चली, लेकिन धर्मपुर, बड़ोग और जतोग रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन भी काफी देर तक रुकी रही और 4 घंटे देरी से शिमला पहुंची।
बारिश और बर्फबारी के कारण ट्रैक पर पत्थर और पेड़ों के गिरने से ट्रेनें देरी से शिमला पहुंचीं। शिमला में देरी से पहुंचने के बाद कालका की ओर डाउन ट्रेनों में भी देरी हुई। -नवीन कुमार वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, रेलवे मंडल अंबाला