कंडाघाट (सोलन)। विकास खंड कंडाघाट के पंचायत समिति सभागार में नवनिर्वाचित वार्ड सदस्यों के दूसरे बैच के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। वीरवार को तीसरे दिन पंचायत प्रतिनिधियों को कृषि, बागवानी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित पंचायत की विभिन्न विकास गतिविधियों से अवगत कराया गया। पंचायत निरीक्षक राजेश शर्मा और उप पंचायत निरीक्षक मदन वर्मा ने पंचायती राज प्रणाली और प्रशासनिक कार्यों की बारीकियों से रूबरू कराया। बागवानी विभाग से बतौर स्रोत अधिकारी उषा कश्यप ने विभाग की ओर से किसानों और बागवानों को दी जाने वाली सुविधाओं व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। कृषि विभाग की स्रोत अधिकारी अंजलि शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में चलाई जा रही कृषि योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। दूसरे बैच में छावशा, कवारग, देलगी, पौधना, कोट, बाशा, बीशा, सीरीनगर और मही ग्राम पंचायत के 50 वार्ड सदस्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।