संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। सिविल अस्पताल अर्की में सोमवार को विश्व टीकाकरण सप्ताह के उपलक्ष्य में आशा कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर टीकाकरण के महत्व को मजबूत करना और आशा कार्यकर्ताओं को नवीन जानकारी व कौशल से सशक्त बनाना रहा, ताकि वे गांव-गांव में लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक कर सकें। कार्यक्रम का संचालन चिकित्सा परामर्शदाता विजय कुमार शांडिल ने किया। उन्होंने बताया कि टीकाकरण एक सुरक्षित और प्रभावी उपाय है, जो बच्चों और वयस्कों को कई गंभीर बीमारियों से बचाता है। उन्होंने खसरा, पोलियो, टीबी, हेपेटाइटिस-बी, डिप्थीरिया और काली खांसी जैसी बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण को जरूरी बताया। साथ ही टीकाकरण की प्रक्रिया, प्रकार, अनुसूची और विशेष परिस्थितियों में दिए जाने वाले टीकों की जानकारी भी साझा की।