शपथ समारोह में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर बांध समां
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। लॉर्ड महावीरा नर्सिंग संस्थान नालागढ़ में प्रशिक्षु नर्सों के लिए शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि एडीसी सोलन राहुल जैन व उनकी पत्नी तहसीलदार भूमिका जैन ने शिरकत की। अति विशिष्ट अतिथि नालागढ़ के एसडीएम राजकुमार और तहसीलदार हुसन चंद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि की ओर से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद प्रशिक्षु छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. आशिमा जैन ने सभी का स्वागत किया। राहुल जैन ने सभी प्रशिक्षु नर्सों को बधाई दी। उन्होंने सभी छात्राओं से आह्वान किया कि नर्सिंग एक बहुत ही पवित्र पेशा है जिसमें मानवता की सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है। हमेशा संयम और मुस्कुरा कर अपनी ड्यूटी करें । इसके बाद सभी प्रशिक्षु नर्सिंग छात्राओं को कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संतोष शर्मा ने शपथ दिलाई। इस दौरान संस्थान की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे नाटी, भांगड़ा, एकल गान आदि प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर नालागढ़ की कानूनगो शकुंतला पटियाल, लॉर्ड महावीर नर्सिंग संस्थान की उपप्रधानाचार्य एन चंद्रलेखा, प्रो. प्रथावन सुब्रमण्यम, अधीक्षक कुलभूषण शर्मा, एसोसिएट प्रो. संगीता कटवाल, असिस्टेंट प्रो. सुनिधि ठाकुर, सपना ठाकुर और अन्य गणमान्य स्टाफ मौजूद था।