धर्मपुर (सोलन)। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर धर्मपुर से शिमला के लिए शुरू की गई विशेष ट्रेन पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। संचालन शुरू होने के 27 दिनों के भीतर ही इस ट्रेन की ऑक्यूपेंसी पूरी तरह फुल देखी जा रही है। सितंबर के अंत में मौसम में आई ठंडक के बीच सुबह-सुबह धर्मपुर स्टेशन पर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रहती है, जहां यात्री गर्म कपड़ों में सेल्फी लेकर अपनी यादों को सहेजते नजर आते हैं। ट्रेन के धर्मपुर से सुबह ठीक 7:50 बजे रवाना होने के कारण बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक एक रात पहले ही धर्मपुर के होटलों में रुक रहे हैं। इससे जहां रेलवे का राजस्व बढ़ रहा है, वहीं धर्मपुर के स्थानीय होटल व्यवसाय को भी अच्छा लाभ मिल रहा है। कालका रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले पर्यटकों को कालका-सराहन बस सेवा सीधे धर्मपुर तक पहुंचा रही है, जिससे यात्रा बेहद सुगम हो गई है। दिल्ली, अयोध्या, वाराणसी, कोलकाता और चेन्नई से आए पर्यटकों ने बताया कि ट्रेन की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ सुबह स्टेशन काउंटर से भी आसानी से टिकट मिल रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि हिमाचल पहुंचकर उन्हें सुकून महसूस हो रहा है। भले ही ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन सुबह के सुहावने मौसम और पहाड़ों की वादियों के बीच सफर का वे भरपूर आनंद ले रहे हैं।