कालका-शिमला रेल लाइन पर पैनोरमिक ट्रेन के ट्रायल के चलते हुए परेशान
रोहतक के एक स्कूल के अध्यापकों का आरोप, रेलवे को देनी चाहिए थी ट्रायल की पहले जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/धर्मपुर। कालका-शिमला विश्व धरोहर रेललाइन पर शुक्रवार को पैनोरमिक विस्ताडोम के ट्रायल से कालका जाने वाली चार ट्रेनों लेट हो गईं। ट्रेनों को स्टेशन पर रोककर इंतजार करना पड़ा। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनें करीब एक घंटा देरी से चलीं। यही नहीं ट्रेन के देरी से चलने के कारण रोहतक जाने वाले एक दल ने इसका विरोध किया। हालांकि रेल अधिकारियों के समझाने के बाद दल शांत हुआ।
बता दें कि पैनोरमिक विस्ताडोम ट्रेन का नागरिक उड्डयन मंत्रालय की टीम ने सेफ्टी मेजर जांचने के लिए ट्रायल किया। यह ट्रेन कालका से शिमला की ओर दोपहर 2:00 बजे अधिकारियों को लेकर रवाना हुई। इस ट्रेन का किसी भी स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं था। इसके चलते यात्री ट्रेनों को रोककर ट्रायल ट्रेन को शिमला की ओर स्टेशनों से गुजारा गया। ट्रायल ट्रेन दोपहर 3:48 बजे धर्मपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस कारण पहले से ही स्टेशन पर कालका की ओर जाने वाली 52458 एक्सप्रेस ट्रेन को रोका गया था। एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर 2:55 बजे धर्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी, लेकिन ट्रायल ट्रेन के आने के चलते ट्रेन दोपहर 3:53 बजे कालका के लिए रवाना किया। इस ट्रेन में शिमला में शिविर लगाकर आए स्काउट एंड गाइड के रोहतक के एक स्कूल का दल था जिसमें 25 विद्यार्थी और छह अध्यापक थे। इन्होंने ट्रेन के अधिक देर तक रुकने का विरोध कर दिया। अध्यापकों का कहना था कि उन्हें कालका से दोपहर 04:40 बजे चलने वाली एकता एक्सप्रेस ट्रेन से रोहतक पहुंचना है, लेकिन इस ट्रेन के देरी से रवाना होने के कारण अगली ट्रेन नहीं पकड़ सकेंगे। अध्यापकों ने कहा कि बच्चों के साथ आए हैं इसलिए परेशान हो रहे हैं। उन्होंने रेलवे बोर्ड पर आरोप लगाया कि अगर इस प्रकार का कोई ट्रायल शुक्रवार को करना था तो इसकी पहले जानकारी दी जानी चाहिए थी।
वहीं ट्रायल के कारण 52452 शिवालिक डीलक्स शाम 5:25 की बजाय 15 मिनट देरी से शाम 5:40 बजे शिमला से कालका के लिए रवाना हुई। 52454 शिमला-कालका एक्सप्रेस शाम 05:45 के बजाय 25 मिनट की देरी से 06:10 बजे रवाना हुई। यह तारादेवी में ओर लेट हो गई और शाम 07:24 बजे रवाना हुई। 52456 हिमालयन क्वीन शाम 6:30 के बजाय 30 मिनट देरी से 07:00 बजे शिमला से कालका के लिए चली।