वाकनाघाट बाजार में शनिवार को लगा जाम। संवाद
बेतरतीब पार्किंग से घंटों लग रहा जाम, लोगों को झेलनी पड़ रही दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/कंडाघाट। उपमंडल कंडाघाट के तहत वाकनाघाट बाजार में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई है। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे वाहनों के कारण न केवल स्थानीय दुकानदार परेशान हैं, बल्कि यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। वाकनाघाट में रोजाना लगने वाले लंबे जाम ने आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। वाकनाघाट बाजार में जेपी विश्वविद्यालय और बाहरा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की भारी भीड़ रहती है। सुबह और शाम के समय जब छात्र अपने संस्थानों के लिए निकलते हैं, तो वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। पुलिस जवानों की तैनाती न होने से स्थिति और भी बिगड़ रही है।
दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित
वाकनाघाट के आसपास दर्जनों गांव स्थित हैं, जिनके लिए यह मुख्य बाजार है। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरी काम से शहर आने पर उन्हें घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग उठाई है कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए स्थायी रूप से पुलिस जवानों की तैनाती की जाए।