सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर टिक्करी मोड़ के पास सड़क धंसने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि दोनों ओर की आवाजाही पूरी तरह बंद होने से लोगों को बसों से उतरकर कंडाघाट पहुंचना पड़ा। सुबह का समय होने के कारण वाहनों में बैठे लोगों को घंटों रास्ते के खुलने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कम करने के लिए बसाल मार्ग को भी कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा।
जाम लगने से डेढ़घराट तक लंबा जाम लग गया। आसपास के क्षेत्रों को जाने वाले लोग पैदल ही चलने को मजबूर हो गए। देखते ही देखते हाईवे पर दोनों तरफ जाम लग गया। वहीं, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को भी कार्यालय पहुंचने की चिंता सताती रही। ऐसे में वाहनों में बैठे लोगों ने खाद्य पदार्थों को खरीदने का कार्य शुरू कर दिया। वाहन चालक लंबे समय तक मार्ग के खुलने का इंतजार करते रहे। हालांकि पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। मार्ग के खुलते ही लोगों ने राहत की सांस ली और समस्या से छुटकारा पाते ही अपने गंतव्य की ओर निकले।